#Uncategorized #प्रदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर मिला सम्मान

Advertisement Carousel

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मौजूद रहे। सिंधी समाज की आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में जारी यह सिक्का समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी हुआ सिक्का

पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी समाज की इस महान विभूति के सम्मान में सिक्का जारी होने से देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी लोगों में गर्व और प्रसन्नता का माहौल है।

स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।

सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि

भारत सरकार की ओर से जारी इस विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता साहिब हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है।

इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता साहिब हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने किया स्वागत

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।