रायगढ़ में 10 साल बाद दिखा दुर्लभ रेड सैंड बोआ, सर्प रक्षक टीम ने किया रेस्क्यू

रायगढ़। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनागार में दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। बताया जा रहा है कि करीब 10 साल बाद क्षेत्र में इस प्रजाति का सांप देखे जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले विनीतेश और उनकी टीम ने गांव में रेड सैंड बोआ को देखा और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। इसके बाद सर्प रक्षक समिति की टीम ने सांप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
दुर्लभ सांप को लेकर लोगों में जिज्ञासा
रेड सैंड बोआ अपनी दुर्लभता के कारण लोगों के बीच विशेष जिज्ञासा का विषय बना रहता है। सांप के मिलने की खबर के बाद उसे देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखी गई।
वन्यजीवों के संरक्षण और सुरक्षा की दिशा में इस तरह के रेस्क्यू को महत्वपूर्ण माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ना ही बेहतर है।





