#प्रदेश

मीडिया शिक्षा, अनुसंधान और छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान के नए युग का सूत्रपात; पत्रकारिता के क्षेत्र में जनसरोकार और नई संभावनाओं को मिलेगा पंख

Advertisement Carousel

० केटीयू और जीजीयू के मध्य हुआ ऐतिहासिक एमओयू

रायपुर। पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता, उच्च शिक्षा के उच्च मानदंडों और शोध संस्कृति को नया आयाम देते हुए रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय और बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस अकादमिक सहभागिता का उद्देश्य दोनों प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को वैश्विक स्तर की मीडिया शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और व्यावहारिक पत्रकारिता के अवसरों से जोड़ना है।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया का स्वरूप अत्यंत तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक पत्रकारिता से लेकर डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कम्युनिकेशंस तक, चुनौतियां और अवसर दोनों बढ़े हैं।
उन्होंने इस एमओयू की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि यह समझौता केवल दो विश्वविद्यालयों के बीच कागजी हस्ताक्षर नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ और देश के मीडिया शिक्षण संस्थानों के बीच वैचारिक और अकादमिक सहकार का एक मजबूत सेतु है। इसके माध्यम से हमारे विद्यार्थी और शोधार्थी एक-दूसरे के परिसरों, संसाधनों और विशेषज्ञता का लाभ उठा सकेंगे। हमारा उद्देश्य एक ऐसा सक्षम और संवेदनशील युवा पत्रकार तैयार करना है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बन सके और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ आधुनिक तकनीकी कौशल में भी पारंगत हो।
इस अवसर पर केटीयू के कुलसचिव श्री सुनील शर्मा ने इस अकादमिक गठजोड़ को प्रशासनिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण से अत्यंत दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में आपसी सहयोग से न केवल संसाधनों का श्रेष्ठ उपयोग होता है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, फैकल्टी एक्सचेंज और संयुक्त कार्यशालाओं के मार्ग भी प्रशस्त होते हैं।
इस ऐतिहासिक एमओयू हस्ताक्षर समारोह में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ अश्विनी दीक्षित सहित दोनों विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज शुक्ला, प्रो. डॉ. नरेंद्र लकपाले विशेष रूप से उपस्थित होकर इस सहभागिता के व्यावहारिक पहलुओं पर अपने विचार रखे। साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से डॉ. शैलेंद्र खंडेलवाल, श्री पंकज नयन पांडेय, डॉ. राजेंद्र मोहंती, डॉ. नृपेंद्र शर्मा और डॉ. आशुतोष मंडावी विशेष रूप से उपस्थित रहे।