CG Crime News: भिलाई में फ्लाईओवर से कूदी 21 वर्षीय युवती, मौत; दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस-ई-रिक्शा की भिड़ंत, चालक ने तोड़ा दम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। भिलाई के पावर हाउस फ्लाईओवर से 21 वर्षीय युवती की नीचे गिरने से मौत हो गई। वहीं, दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर में ई-रिक्शा चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
पावर हाउस फ्लाईओवर से नीचे गिरी युवती, मौत की वजह पर जांच
भिलाई में बुधवार को पावर हाउस फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक घटना सामने आई। खुर्सीपार निवासी 21 वर्षीय पूनम अहिरवार की फ्लाईओवर से नीचे गिरने के बाद मौत हो गई। बताया गया कि वह सुबह घर से वॉक करने के लिए निकली थी। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।
मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी पूनम
जानकारी के अनुसार, पूनम लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी और उसका इलाज एम्स अस्पताल में चल रहा था। घटना की सुबह वह अपने पिता को वॉक पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसी दौरान पावर हाउस फ्लाईओवर पर वह नीचे गिर गई।
मिर्गी का दौरा पड़ा या जान देने की कोशिश की? जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती के नीचे गिरने की वजह मिर्गी का दौरा था या उसने जानबूझकर छलांग लगाई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस और ई-रिक्शा की भीषण भिड़ंत, चालक की मौत
दूसरी घटना दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर हुई, जहां नवीन बस सर्विस की यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस दुर्ग से बेमेतरा की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने ई-रिक्शा को बचाने की कोशिश की, लेकिन टक्कर टाली नहीं जा सकी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी में ई-रिक्शा चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।


