#प्रदेश

महंत लक्ष्मी नारायण दास कॉलेज में तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आगाज, पोस्टर मेकिंग में गूंजा लैंगिक समानता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Advertisement Carousel

रायपुर। महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय, गांधी चौक रायपुर में तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन मेहंदी सजाओ, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

पोस्टर मेकिंग में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण पर जोर

प्रतियोगिता के पहले चरण में आयोजित पोस्टर मेकिंग में 56 प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसमें बीसीए प्रथम वर्ष की गीतांजलि यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने अपने पोस्टर के माध्यम से लैंगिक समानता का संदेश दिया। बीकॉम पंचम सेमेस्टर की तांसिम खान ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, तीसरे स्थान पर रही प्रतिभागी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी चिंता पोस्टर के जरिए जाहिर की। प्रतियोगिता के निर्णायक अर्जुन नाग, सोम गोस्वामी और विवेक प्रकाश साहू रहे।

सलाद डेकोरेशन में दिखी अनूठी रचनात्मकता

प्रतियोगिता के दूसरे सेगमेंट सलाद डेकोरेशन में छात्र-छात्राओं ने फल और सब्जियों से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। रश्मि साहू ने टेडी बियर की आकृति बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रीति वर्मा ने घड़ी की आकृति बनाकर दूसरा और डीसीए प्रथम सेमेस्टर के रमेश बघेल ने मोर की आकृति तैयार कर तीसरा स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में डॉ. श्रुति तिवारी, डॉ. सुधीर जैन और सना खान शामिल रहीं।

बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट में अंबेडकर की तस्वीर ने जीता दिल

बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में दीक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अनुपयोगी वस्तुओं से डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर तैयार की। वहीं, वीणा यादव ने फायर अलार्म का मॉडल बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरा स्थान गीतांजलि यादव को वॉल डेकोरेशन के लिए मिला। इस प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. शिल्पा वाधवा, डॉ. प्रेम चंद्राकर और श्रीमती जीवन ज्योति सिंह रहे।

मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

दिन की अंतिम प्रतियोगिता मेहंदी सजाओ रही, जिसमें सानिया, रश्मि पांडे और आकांक्षा नायक सहित छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक सोमा गोस्वामी, सुमन शर्मा और अर्जुन नाग रहे।

कार्यक्रम में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अनुपमा जैन सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।