#प्रदेश

CM विष्णुदेव साय ने दिल्ली में पेश किया छत्तीसगढ़ का ऊर्जा विजन, 130 देशों के प्रतिनिधियों के बीच निवेश आकर्षित करने पर जोर

Advertisement Carousel

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026’ में शामिल हुए। इस वैश्विक आयोजन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद समिट में मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच राउंड टेबल चर्चा प्रस्तावित है।

वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता का होगा प्रदर्शन

इस समिट में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के ऊर्जा विजन और राज्य में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से रखेंगे। उनका जोर छत्तीसगढ़ को पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाने पर है।

मुख्यमंत्री राज्य की प्राकृतिक संसाधन क्षमता, ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं, ग्रीन एनर्जी के विस्तार और भविष्य की निवेश योजनाओं से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को अवगत कराएंगे।

सौर ऊर्जा और ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ निवेश के लिए आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए सौर ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहन, आधुनिक ऊर्जा अधोसंरचना का विकास और निजी निवेश की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

निवेश से रोजगार और औद्योगिक विकास की उम्मीद

समिट के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद कर छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी साझा करेंगे। सरकार का प्रयास ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं को नए निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास में बदलना है।

130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा

2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ के लिए यह आयोजन अपनी ऊर्जा क्षमता और निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।