#प्रदेश

दिवाली मनाने गांव लौट रहा परिवार उजड़ा: तेज रफ्तार कार नदी में गिरी, पति-पत्नी और दो बच्चों समेत 4 की दर्दनाक मौत

Advertisement Carousel

अभनपुर। दीपावली की खुशियां मनाने अपनों के बीच अपने गांव लौट रहा एक परिवार रास्ते में ही काल के गाल में समा गया। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टीला एनीकट के पास नदी में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी और उनके दोनों बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

दिवाली मनाने गृहग्राम जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ दीपावली मनाने गरियाबंद जिले के पसौद गांव जा रहे थे। रविवार देर रात करीब 1 बजे उनकी कार अभनपुर के टीला एनीकट के पास पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी।

पति-पत्नी और दोनों बच्चों की मौत

हादसा इतना भयावह था कि कार सवार चारों लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नदी से चारों के शव बाहर निकलवाए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे की वजह तलाशने में जुटी पुलिस

घटना के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर नदी में गिरी। हालांकि, चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे बिगड़ा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

जिस घर में दीपावली की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। त्योहार मनाने निकला पूरा परिवार कभी वापस नहीं लौटेगा।