#प्रदेश

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जलवा, बिल्हा देश में नंबर-1; रायपुर और बिलासपुर को भी राष्ट्रीय सम्मान

Advertisement Carousel

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन में प्रदान किए पुरस्कार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और नगरीय निकायों के महापौरों ने ग्रहण किया सम्मान

रायपुर। स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। भारत सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों एवं आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे बदलाव और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में पहला स्थान हासिल करना, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्तीय श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना और रायपुर का राज्य में प्रथम रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।

छोटे शहरों के लिए मिसाल बना बिल्हा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा का देश में प्रथम स्थान हासिल करना विशेष उपलब्धि है। इससे साबित होता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और जनभागीदारी के जरिए छोटे नगरीय निकाय भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

समारोह में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे उपस्थित रहीं। इनके अलावा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।