Chhath Puja 2026: 13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व, पूजा से पहले तैयार कर लें सामग्री की पूरी लिस्ट

Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। बिहार और झारखंड समेत अब देश के अलग-अलग राज्यों में भी छठ पूजा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनायी जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं। पर्व की शुरुआत होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी सामग्रियों की खरीदारी पहले ही कर लेना बेहतर है। आइए जानते हैं छठ पूजा में किन-किन चीजों की जरूरत पड़ती है और कौन-सी पांच सामग्री बेहद खास मानी जाती हैं।
इन 5 चीजों के बिना अधूरी मानी जाती है छठ पूजा
छठ पूजा में कुछ सामग्रियों का विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। इनके बिना पूजा की तैयारी अधूरी मानी जाती है।
- गागल नींबू: छठ पूजा के प्रसाद और अर्घ्य में इसका विशेष महत्व है।
- ठेकुआ: गेहूं के आटे और गुड़ या चीनी से तैयार किया जाने वाला ठेकुआ छठ का प्रमुख प्रसाद है।
- नारियल: पूजा के प्रसाद और अर्घ्य की सामग्री में नारियल का विशेष स्थान है।
- गन्ना: गन्ने का उपयोग छठ घाटों पर पूजा की व्यवस्था और प्रसाद के साथ किया जाता है।
- सूप और दउरा: बांस से बने सूप और दउरा में पूजा सामग्री और फल सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है।
छठ पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट
छठ महापर्व के चारों दिनों की पूजा के लिए निम्नलिखित सामग्रियां पहले से तैयार कर लें।
- बांस का सूप
- बांस की टोकरी (दउरा)
- मिट्टी के दीये
- पूजा की थाली और कटोरी
- सिंदूर
- हल्दी
- चंदन
- अगरबत्ती और धूप
- पीतल या तांबे का लोटा
- अक्षत (साबुत चावल)
- नारियल
- फूल और फूलों की माला
- गंगाजल
- कलश
- इलायची
- लौंग
- लाल या पीले रंग का कपड़ा
- गन्ना
- गागल नींबू
- मौसमी फल
- ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद
चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व, जानें हर दिन का महत्व
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला आस्था और साधना का महापर्व है। इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। पर्व के चारों दिनों का अपना अलग महत्व है।
पहला दिन: नहाय-खाय
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान कर घर की साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसी के साथ चार दिवसीय व्रत का संकल्प शुरू होता है।
दूसरा दिन: खरना
दूसरे दिन खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।
तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य
तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजा सामग्री सजायी जाती है। छठ पूजा का यह सबसे महत्वपूर्ण और भव्य अनुष्ठान माना जाता है।
चौथा दिन: उषा अर्घ्य
महापर्व के अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके साथ ही छठी मैया की पूजा और व्रत का समापन होता है। अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर अपना व्रत खोलते हैं।
क्यों खास है छठ महापर्व?
छठ पूजा प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। इसमें भगवान सूर्य को जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य का स्रोत मानकर उनकी उपासना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया की पूजा करने से संतान को दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है। महिलाएं और पुरुष अपने परिवार की खुशहाली और संतान की मंगलकामना के लिए यह कठिन व्रत रखते हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल में जब पांडव अपना राजपाट हार गये थे, तब द्रौपदी और पांडवों ने संकट से मुक्ति और राज्य की पुनः प्राप्ति के लिए सूर्यदेव की उपासना की थी। वहीं, सूर्यपुत्र कर्ण भी प्रतिदिन कई घंटों तक जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते थे। यही वजह है कि छठ महापर्व में सूर्य उपासना का विशेष महत्व माना जाता है।




