माना शासकीय कॉलेज में 17 नवंबर से मिलेगा मुफ्त करियर मार्गदर्शन, POSH जागरूकता कार्यक्रम भी होगा आयोजित

रायपुर। विद्यार्थियों को बेहतर करियर दिशा देने और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवीन शासकीय महाविद्यालय, माना ने ब्रीविक इंटरनेशनल एजुकेशन एकेडमी के साथ संयुक्त पहल की है। इसके तहत 17 नवंबर से विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क करियर मार्गदर्शन एवं POSH (यौन उत्पीड़न की रोकथाम) जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सभी सत्र विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क होंगे।
करियर विकल्पों और रोजगार के अवसरों की मिलेगी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही करियर चुनने में मदद करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
POSH के जरिए सुरक्षित वातावरण के प्रति करेंगे जागरूक
करियर मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थियों को POSH के तहत लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, व्यक्तिगत सुरक्षा, अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके माध्यम से सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त शैक्षणिक वातावरण के महत्व को समझाया जाएगा।
17 नवंबर से शुरू होंगे कार्यक्रम के सत्र
इस पूरी पहल का मार्गदर्शन ब्रीविक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की उपाध्यक्ष (व्यवसाय परिवर्तन एवं रणनीति) एस. संध्या नायर करेंगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना कॉर ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इस कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की है। वहीं, महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. पूनम संजू साहू ने बताया कि कार्यक्रम के सत्र 17 नवंबर से आयोजित किए जाएंगे।
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, करियर संबंधी सही निर्णय लेने और व्यक्तिगत एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।





