#प्रदेश

रायपुर की प्रांजलि की कला पर फिदा हुए अनिल कपूर, बेटी सोनम को फोन कर बोले- इनके साथ जरूर करना काम

Advertisement Carousel

0 बस्तर की 4 हजार साल पुरानी कला से प्रेरित परिधान ने खींचा अभिनेता का ध्यान, ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ में प्रांजलि को मिली खास सराहना।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला का हुनर अब राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना रहा है। रायपुर की प्रांजलि ने अपनी रचनात्मकता से बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर को इस कदर प्रभावित किया कि उन्होंने शो के दौरान ही अपनी बेटी और अभिनेत्री सोनम कपूर को फोन लगा दिया। अनिल कपूर ने सोनम से प्रांजलि के साथ भविष्य में काम करने और कोलैबरेशन की संभावना पर बात की। स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ में प्रांजलि की इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

बस्तर कला से प्रेरित परिधान ने खींचा ध्यान

शो के ‘ग्रेट इंडियन बुद्धि लीग’ विशेष एपिसोड में रायपुर की प्रांजलि ने बस्तर की पारंपरिक कला से प्रेरित अपना खास परिधान पेश किया। उन्होंने बताया कि उनके डिजाइन की प्रेरणा करीब 4,000 साल पुरानी बस्तर कला से जुड़ी है। पारंपरिक विरासत को आधुनिक फैशन के साथ जोड़ने की उनकी इस कोशिश ने शो के होस्ट अनिल कपूर का ध्यान आकर्षित किया।

अनिल कपूर ने सोनम को किया फोन

प्रांजलि के हुनर और उनके आर्टवर्क की तारीफ करते हुए अनिल कपूर ने अपनी बेटी सोनम कपूर को फोन किया। उन्होंने सोनम से कहा, “सोनम, आप फ्यूचर में कभी भी प्रांजलि जी के साथ कोलैबरेट करना चाहेंगी, तो खुशी की बात होगी।”

अनिल कपूर ने प्रांजलि की कला की सराहना करते हुए कहा कि उनका काम बेहद खूबसूरत और कमाल का है। एक बड़े बॉलीवुड कलाकार से मिली इस तारीफ ने प्रांजलि के लिए शो के इस पल को खास बना दिया।

छत्तीसगढ़ की कला को मिला राष्ट्रीय मंच

रायपुर और छत्तीसगढ़ के लिए यह उपलब्धि खास मायने रखती है। प्रांजलि ने बस्तर की पारंपरिक कला को फैशन के आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत कर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। हालांकि, सोनम कपूर और प्रांजलि के बीच किसी आधिकारिक सहयोग की पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन अनिल कपूर की पहल ने भविष्य में साथ काम करने की संभावनाएं जरूर बढ़ा दी हैं।

कहां देखें शो: ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होता है।