रायपुर एयरपोर्ट के आगमन द्वार पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक, आकर्षक कलाकृतियां बनीं यात्रियों के आकर्षण का केंद्र

रायपुर। राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर अब यात्रियों का स्वागत छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक के साथ हो रहा है। एयरपोर्ट के आगमन द्वार पर स्थापित की गईं भव्य कलाकृतियां इन दिनों यात्रियों और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति और विरासत को खूबसूरती से प्रदर्शित करने की पहल की गई है।
जीके टीएमटी की पहल से एयरपोर्ट को मिला नया लुक
इस विशेष पहल का लोकार्पण रियल ग्रुप के निदेशक रमेश अग्रवाल, रायपुर एयरपोर्ट के निदेशक मोहम्मद आरिफ और जीके टीएमटी के मार्केटिंग हेड संदीप बिहानी की उपस्थिति में किया गया।
रायपुर एयरपोर्ट को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने की दिशा में जीके टीएमटी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एयरपोर्ट के आगमन द्वार पर सजी ये कलाकृतियां न केवल परिसर की खूबसूरती बढ़ा रही हैं, बल्कि बाहर से आने वाले यात्रियों को छत्तीसगढ़ की कला और परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम भी बन रही हैं।

विकास के साथ विरासत का संरक्षण भी जरूरी
इस पहल के पीछे सोच है कि विकास का अर्थ केवल आधारभूत सुविधाओं और आधुनिक इमारतों का निर्माण नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और सार्वजनिक स्थलों को सुंदर बनाना भी विकास का अहम हिस्सा है।
जीके टीएमटी ने प्रदेश के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। एयरपोर्ट पर की गई यह पहल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को एक नया मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





