पटवारी से RI पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन, दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार; 8 दिन की रिमांड

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW-ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच करते हुए ब्यूरो की टीम ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले के दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 8 दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। जांच एजेंसी अब आरोपियों से पेपर लीक के नेटवर्क और इस पूरे खेल में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव और 41 वर्षीय अरविंद जाटव के रूप में हुई है। दोनों मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। EOW ने 16 नवंबर को दोनों को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में पेश किया। अदालत ने उन्हें 23 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर रखने का आदेश दिया है।
परीक्षा से पहले ही लीक कर दिया गया था प्रश्नपत्र
EOW-ACB की जांच के अनुसार, 7 जनवरी 2024 को पटवारियों के राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयन के उद्देश्य से विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा किया गया था। इसके परिणाम के आधार पर कुल 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
बाद में परीक्षा में अनियमितताओं और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने मामले की जांच EOW-ACB को सौंपी। ब्यूरो की प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की गई।
प्रश्नपत्र छपाई समिति से जुड़े आरोपी के साथ मिलकर रची साजिश
जांच में आरोपियों वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव की कथित भूमिका सामने आई है। EOW के मुताबिक, दोनों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर परीक्षा का गोपनीय प्रश्नपत्र लीक करने की साजिश रची थी।
आरोप है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया। इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूली गई। जांच एजेंसी अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा अवैध रूप से कितनी रकम का लेनदेन हुआ।
पहचान परेड में पटवारियों ने पहचाने आरोपी
EOW ने 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने उनकी पहचान प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, लीक पेपर से तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराने और अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के रूप में की।
पहचान परेड और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी समेत इन धाराओं में मामला दर्ज
इस प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल EOW-ACB दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस रिमांड के दौरान प्रश्नपत्र लीक करने के तरीके, इसमें शामिल अन्य लोगों, अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




