धमतरी में CRPF जवान ने की आत्महत्या, छुट्टी खत्म होने से पहले घर में फांसी पर लटका मिला शव

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में छुट्टी पर घर आए CRPF के एक जवान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। जवान का शव रविवार रात उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
CRPF की 28वीं बटालियन में तैनात था जवान
मामला सिहावा थाना क्षेत्र के सातबहाना गांव का है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय डाकेश सोम के रूप में हुई है। वह कांकेर जिले के अंतागढ़ में CRPF की 28वीं बटालियन में पदस्थ था। जवान कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था।
ड्यूटी पर लौटने से पहले उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के मुताबिक, डाकेश सोम 10 दिनों की छुट्टी पर घर आया हुआ था। उसे सोमवार को वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन इससे एक दिन पहले रविवार रात उसने आत्महत्या कर ली। घर में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जवान ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




