विवादित वीडियो मामले में अमित जोगी का बड़ा कदम, गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाने पहुंचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे (JCCJ) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आज गिरफ्तारी देने रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामला प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक कथित आपत्तिजनक वीडियो से जुड़ा है।
विवादित वीडियो को लेकर दर्ज हुई FIR
दरअसल, हाल ही में अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। आरोप है कि इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में विवाद शुरू हो गया।
इस मामले में भाजपा नेता राजेश मूणत ने रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद से ही यह मामला चर्चा में बना हुआ है।
राजेश मूणत ने वीडियो को बताया था निंदनीय
FIR दर्ज कराने के बाद मीडिया से बातचीत में राजेश मूणत ने वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, वह निंदनीय है।
मूणत के मुताबिक, राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होती है। अपनी बात रखने का एक तरीका और मर्यादा होती है। उन्होंने वीडियो में दिखाए गए किरदारों और प्रस्तुति पर भी सवाल उठाए थे।
फिलहाल अमित जोगी के थाने पहुंचने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।





