तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने CM विष्णुदेव साय से की मुलाकात, साझा हितों पर हुई चर्चा

रायपुरः तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मंगलवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की. CM साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर रेवंत रेड्डी का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया. दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच हुई इस मुलाकात में आपसी सहयोग और साझा हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई.
आपसी सहयोग और संवाद पर दिया जोर
मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संवाद बनाए रखने और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया. इस दौरान दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई.
दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी मौजूद रहे.
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील, तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत और जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.





