#प्रदेश

कांकेर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, नक्सलियों का डम्प बरामद; हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त

Advertisement Carousel

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को अहम कामयाबी मिली है. कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया गया है. इसमें हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री मिली है. सुरक्षाबलों ने बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर ही नष्ट कर दिया.

जंगल में सर्चिंग के दौरान मिला नक्सली डम्प

जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग कर रही थी. इसी दौरान जवानों को नक्सलियों का छिपाया हुआ डम्प मिला.

तलाशी लेने पर मौके से एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर, दो डेटोनेटर और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई. बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी और अन्य विस्फोटक पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया.

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह संयुक्त अभियान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया.

नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्चिंग जारी

इस कार्रवाई में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) के जवान शामिल रहे. कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमें लगातार सर्चिंग अभियान चला रही हैं. इलाके में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.