#प्रदेश

Chhattisgarh Nurses Strike: छत्तीसगढ़ में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर नर्सिंग ऑफिसर्स, 21 नवंबर को CM हाउस घेराव की चेतावनी

Advertisement Carousel

Chhattisgarh Nurses Strike: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर्स अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। 18 नवंबर से शुरू हुए इस आंदोलन में नियमित, संविदा और डेली वेजेस पर काम करने वाली स्टाफ नर्सें शामिल हैं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, ग्रेड पे में बढ़ोतरी और वेतन विसंगतियों सहित कुल 9 मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। आंदोलन के कारण सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

10 मेडिकल कॉलेजों में होगा प्रदर्शन

नर्सिंग ऑफिसर्स ने प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेज परिसरों में आंदोलन शुरू किया है। इसके तहत प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले नियमित, संविदा और डेली वेजेस स्टाफ नर्स इस आंदोलन में हिस्सा ले रहे हैं।

आंदोलनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय में भी अपनी हड़ताल की आधिकारिक जानकारी दे दी है। रायपुर और राजनांदगांव के पदाधिकारियों ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है।

नियमितीकरण से लेकर ग्रेड पे तक 9 मांगें

नर्सिंग ऑफिसर्स लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना शामिल है। इसके अलावा संविदा, डेली वेजेस और NHM के तहत कार्यरत स्टाफ को नियमित करने की मांग भी उठाई गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि वेतन वृद्धि, ग्रेड पे में सुधार और सेवा से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाना चाहिए। इन्हीं मांगों को लेकर नर्सिंग संवर्ग ने अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता चुना है।

21 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी

नर्सिंग ऑफिसर्स ने सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि अगले दो से तीन दिनों के भीतर ग्रेड पे को लेकर आदेश जारी नहीं किया जाता है, तो आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा।

इसके तहत 21 नवंबर को प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारी एकजुट होकर नवा रायपुर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री निवास के घेराव की तैयारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में नर्सिंग ऑफिसर्स का आंदोलन और तेज होने के आसार हैं।