#प्रदेश

नक्सल विरोधी अभियान में जवानों को बड़ी कामयाबी, जंगल में छिपाकर रखे गए 50 BGL सेल मिले

Advertisement Carousel

Bijapur Naxal News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों के छिपाए विस्फोटक सामग्री के डंप का खुलासा किया है। तलाशी के दौरान मौके से 50 नग बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम होने की बात सामने आई है।

खुफिया सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक, खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। इसमें थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ की पुलिस टीम और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं बटालियन के जवान शामिल थे। संयुक्त टीम इलाके में सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान पुजारीकांकेर के जंगल में कुछ संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई।

जंगल में छिपाकर रखे गए थे 50 BGL सेल

संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी लेने के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया डंप मिला। इसकी जांच करने पर 50 नग BGL सेल बरामद हुए। सुरक्षा बलों ने विस्फोटक सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है।

नक्सल विरोधी अभियान जारी

इस मामले में उसूर थाने में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। आसपास के जंगलों में भी तलाशी ली जा रही है, ताकि नक्सलियों की किसी अन्य गतिविधि या छिपे हुए डंप का पता लगाया जा सके।