Bangladesh Violence: बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, ढाका में बम धमाके तो मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग

ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग की ओर से गुरुवार को बुलाए गए लॉकडाउन के बीच राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में बम धमाके, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ढाका में देसी बमों के धमाके, कई जगह आगजनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद राजधानी ढाका के अलग-अलग हिस्सों में देसी बम फोड़े गए। इसके साथ ही वाहनों में आग लगाने और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। चटगांव के पंचलाइश इलाके में स्थित मुहम्मद यूनुस के पैतृक आवास को भी उपद्रवियों ने निशाना बनाया। इससे पहले देश के विभिन्न हिस्सों में ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में आग लगाए जाने की खबरें सामने आई थीं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रातभर में ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर भी हमले किए गए और कुछ जगहों पर आगजनी हुई। पुलिस ने राजधानी के प्रमुख फ्लाईओवर और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है।
संवेदनशील जिलों में BGB के जवान तैनात
हिंसा की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। संवेदनशील जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों अर्धसैनिक जवानों को तैनात किया गया है। इनमें शेख हसीना का जन्मस्थान गोपालगंज जिला भी शामिल है।
BDnews24 की रिपोर्ट के अनुसार, लॉकडाउन से पहले ढाका पुलिस ने 24 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर 565 लोगों को गिरफ्तार किया। हिरासत में लिए गए लोगों में हसीना सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
हसीना को मौत की सजा के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव
अवामी लीग ने ऐसे समय में लॉकडाउन का आह्वान किया है, जब पिछले साल विशेष ट्रिब्यूनल ने शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। इसके बाद से बांग्लादेश की राजनीति में तनाव लगातार बना हुआ है।
बुधवार रात प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग की राजनीतिक वापसी रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन बताते हुए उसे निर्णायक रूप से पराजित करने का आह्वान किया। संसदीय सत्र की अंतिम बैठक से पहले उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों से मुलाकात की और उन्हें अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटकर जनता के बीच सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
हिंसा में कई नेताओं की मौत, पार्टी कार्यालयों को बनाया निशाना
बांग्लादेश के पश्चिमी नरेल जिले में अवामी लीग कार्यकर्ताओं द्वारा बीएनपी के एक मार्च पर हमला किए जाने के दौरान सत्ताधारी पार्टी के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। वहीं, मंगलवार और बुधवार की रात दक्षिण-पश्चिमी फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसक घटनाओं में दो अन्य लोगों की जान चली गई। मृतकों में बीएनपी का एक स्थानीय नेता और एक ट्रांसपोर्ट कर्मचारी शामिल बताया गया है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हिंसा के दौरान बीएनपी के कम से कम दो कार्यालयों और एक नेता के घर में आग लगा दी गई। दूसरी ओर, अवामी लीग के दो कार्यालयों और पार्टी नेताओं की पांच संपत्तियों को भी निशाना बनाया गया।
रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिलों में पिछले दो दिनों के दौरान दर्जनों देसी बम विस्फोट हुए और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। लगातार बिगड़ते हालात के बीच प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।




