साय की पैठ मजबूत हुई जनजातीय वर्ग में

धर्मजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उमड़ी भीड़ का बड़ा राजनीतिक संदेश
रवि भोई
‘धरती आबा’ बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धर्मजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के बहाने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज पर अपनी पैठ मजबूत कर ली है। 15 नवंबर को हुए जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उमड़ी भीड़ इसका सबूत है। बीजेपी ने धर्मजयगढ़ जैसे कस्बे में बड़े समारोह आयोजित कर अपनी रणनीतिक चाल के संदेश दिए, वहीं जनजातीय वर्ग के नब्ज को पहचानने की भी कोशिश की। राज्य में दो साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं , ऐसे में बीजेपी ने सरगुजा और बस्तर संभाग मुख्यालय की जगह धर्मजयगढ़ में जनजातीय वर्ग की भीड़ जुटाकर कई विधानसभा सीटों को साधने का भी काम किया है। धर्मजयगढ़ आदिवासी बहुल इलाका है और यह कई आदिवासी और सामान्य सीटों का केंद्र भी है। इस कार्यक्रम में जनजातीय वर्ग के लोग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कारण भी आए। भले ही नितिन नवीन मौसम की खराबी के कारण फिजिकली उपस्थित नहीं हो पाए, पर डिजिटली कार्यक्रम को संबोधित किया। जनजातीय गौरव दिवस समारोह में जुटी भीड़ से कांग्रेस नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगी है। इस समारोह के बाद कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत को मोर्चा संभालना पड़ा। उन्होंने जशपुर जिले के साथ सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आंकलन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कंवर आदिवासी हैं। छत्तीसगढ़ आदिवासी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ आदिवासी बहुल राज्य है। यहां की कुल आबादी का करीब 32 फीसदी हिस्सा ट्राइबल है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 29 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके अलावा मैदानी इलाकों की कई सीटों में प्रभावकारी भूमिका निभाते हैं। इसलिए राजनीतिक दलों को जनजातीय वर्ग को साधना जरुरी हो जाता है। धर्मजयगढ़ आदिवासियों के गढ़ का ऐसा केंद्र बिंदु है, जहाँ से सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर प्रभावी छाप छोड़ने के साथ रायगढ़ जिले के पांचों विधानसभा सीटों के साथ सक्ती जिले की सीटों के जनजातीय वर्ग को बड़ा संदेश गया है। धर्मजयगढ़ के जनजातीय गौरव दिवस समारोह में कार्यक्रम स्थल पर हजारों की भीड़ मौजूद थी और भीतर जगह नहीं मिल पाने के कारण काफी संख्या में लोग समारोह स्थल से बाहर भी खड़े रहे। बड़ी संख्या में तो लोग रास्ते में ही फंसे रह गए। इस समारोह में बड़ी संख्या में जनजातीय वर्ग की उपस्थिति से बीजेपी को नई ऊर्जा मिली है और कांग्रेस को आत्मचिंतन करने पर मजबूर होना पड़ा है। माना जा रहा है कि धर्मजयगढ़ का जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम भविष्य में राजनीतिक दिशा तय करेगा।
छत्तीसगढ़ का जनजातीय समुदाय सहज और काफी सरल है। यह प्रवृति मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय में भी है। श्री साय भी काफी सहज और सरल हैं, उनकी सहज और सरल छवि लोगों को प्रभावित करती है, खासतौर से जनजातीय वर्ग को। यही कारण है कि धर्मजयगढ़ में जनजातीय वर्ग के लोग ‘धरती आबा’ बिरसा मुंडा की जयंती के कार्यक्रम में खींचे चले आए। यहां इतनी भीड़ आ गई कि धर्मजयगढ़ के लोगों को अनुमान नहीं था और उन्होंने कभी इतना विशाल जन समुदाय देखा ही नहीं था। इस कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से लोग पहुंचे। जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लिए इस आयोजन की सफलता उनके सामाजिक जुड़ाव और जमीनी पकड़ को प्रमाणित किया। जशपुर जिले के छोटे से ग्राम बगिया से आने वाले विष्णुदेव साय ने पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर तय
किया है। तीन बार के विधायक और चार बार के सांसद विष्णुदेव साय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में इस्पात और खान राज्य मंत्री रहे। श्री साय रायगढ़ लोकसभा से सांसद रहे। धर्मजयगढ़ रायगढ़ लोकसभा के अंतर्गत ही आता है, ऐसे में मुख्यमंत्री श्री साय धर्मजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के आयोजन के महत्व को अच्छी तरह जानते और समझते हैं।
धर्मजयगढ़ कार्यक्रम में जनजातीय समाज की भारी मौजूदगी राष्ट्रीय स्तर का चर्चा का विषय है। खास बात है कि इस कार्यक्रम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संबोधित किया। कहा जा रहा है कि धर्मजयगढ़ के जनजातीय गौरव दिवस समारोह की गूंज ओडिशा और झारखंड में भी सुनाई दे रहे हैं। धर्मजयगढ़ ओडिशा और झारखंड सीमा के करीब है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का सफल आयोजन कर राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान भी बना ली है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों के वक्त भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने श्री साय को स्टार प्रचारक के रूप में अलग-अलग राज्यों में भेजा भी था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्यप्रदेश में सघन प्रचार किया। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों पर उन्होंने 64 जनसभाएं और रोड शो किए। ओडिशा के सात लोकसभा सीटों में साय ने प्रचार किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य में जनजातीय वर्ग के लिए कई कल्याणकारी काम कर रहे हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और नियद नेल्लनकर के माध्यम से दूरस्थ बसाहटों में शिक्षा , स्वास्थ्य ,पेयजल, सड़क और अन्य सुविधाओं के विकास में लगे हैं। बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे से विष्णुदेव साय का ग्राफ बढ़ा है।




