#crime #प्रदेश

रायपुर में बच्चा बेचने वाले गैंग का बड़ा खुलासा, लड़के की कीमत 8-12 लाख तो लड़की का 4-6 लाख! खरीदार समेत 7 गिरफ्तार

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का नेटवर्क सामने आने के बाद पुलिस जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को बच्ची खरीदने वाले एक और आरोपी जितेंद्र खेतान को कबीरनगर इलाके से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बच्ची को भी बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई के साथ अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाता था। उन्हें मुफ्त इलाज और प्रसव का लालच देकर नवजात बच्चों को अपने कब्जे में लिया जाता और फिर निःसंतान दंपत्तियों को बेच दिया जाता था। गिरोह में बच्चों की कीमत भी लिंग के आधार पर तय थी। लड़के का सौदा 8 से 12 लाख रुपये और लड़की का 4 से 6 लाख रुपये तक में किया जाता था।

डॉक्टर, नर्स से लेकर खरीदार तक गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग चरणों में कार्रवाई करते हुए गिरोह की कथित मास्टरमाइंड कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और गीतिका उर्फ दीपिका नाग (36) को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच में डॉक्टर खीरसिंधु महानंद, नर्सिंग ऑफिसर प्रकाश कुमार कौरव और पैसों का लेन-देन संभालने वाले अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया गया। अब बच्ची खरीदने के आरोप में जितेंद्र खेतान की गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ में बच्चों की खरीद-फरोख्त के लिए अपनाए जाने वाले तरीके और कथित आर्थिक लेन-देन की जानकारी सामने आई है। मुख्य आरोपी कृतिका साहू को अदालत ने 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

मुफ्त इलाज का झांसा देकर गर्भवती महिला को बुलाया रायपुर

इस पूरे मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि महिला को मुफ्त इलाज और सुरक्षित प्रसव का भरोसा देकर रायपुर बुलाया गया था। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद आरोपियों ने महिला और उसके नवजात बच्चे को अहिल्या नामदेव के घर में कथित तौर पर बंधक बना लिया।

महिला पर प्रसव में हुए खर्च की भरपाई के नाम पर नवजात को सौंपने का दबाव बनाया गया। हालांकि, पीड़िता किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही और आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कथित बच्चा बिक्री नेटवर्क का खुलासा हुआ।

अस्पताल में 3 डिलीवरी, 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का खुलासा

जांच के दौरान अस्पताल के रिकॉर्ड में भी गंभीर गड़बड़ी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, संबंधित अस्पताल में वर्ष 2026 के दौरान वास्तविक रूप से केवल तीन डिलीवरी हुई थीं, जबकि अस्पताल की सील और फर्जी डिस्चार्ज टिकट का इस्तेमाल कर 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी कराए गए।

आरोप है कि इन प्रमाण पत्रों में नवजात बच्चों को खरीदने वाले दंपत्तियों के नाम ही माता-पिता के रूप में दर्ज करा दिए जाते थे। इस तरह बच्चों की खरीद-फरोख्त को कागजी प्रक्रिया के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल लोगों और अन्य संभावित खरीदारों की भूमिका की जांच कर रही है।