CG News: CM विष्णुदेव साय ने दुर्ग को दी बड़ी सौगात, रेंज साइबर क्राइम थाना और रुआबांधा पुलिस चौकी का किया लोकार्पण

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और नशे के खिलाफ लड़ाई को तेज करने के लिए दुर्ग पुलिस ने एक नई पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 में करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही रुआबांधा पुलिस चौकी का भी शुभारंभ किया गया। वहीं, नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस के विशेष अभियान ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ की शुरुआत भी की गई।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दुर्ग रेंज के तीन जिलों को मिलेगी साइबर सुरक्षा
नवनिर्मित रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के साइबर अपराधों की जांच करेगा। यहां ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराध और अन्य तकनीकी धोखाधड़ी के मामलों पर कार्रवाई की जाएगी। साइबर अपराधों की गंभीरता को देखते हुए यहां डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण और जटिल मामलों की विवेचना भी की जाएगी।
इस थाने के शुरू होने से साइबर अपराध के पीड़ितों को त्वरित सहायता मिलने के साथ ही लोगों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में भी मदद मिलेगी।
रुआबांधा में नई पुलिस चौकी शुरू
मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया। नई चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। इससे स्थानीय लोगों को पुलिस से जुड़ी सेवाओं और शिकायतों के निराकरण में सहूलियत मिलेगी।
नशे के खिलाफ तीन मोर्चों पर चलेगा अभियान
दुर्ग पुलिस ने नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने अभियान का पोस्टर जारी कर इसकी औपचारिक शुरुआत की। इसके तहत जागरूकता, पुलिस कार्रवाई और पुनर्वास को प्रमुख आधार बनाया गया है।
अभियान के जरिए गांवों, वार्डों और शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। वहीं, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
साइबर ठगी और नशे की सूचना के लिए हेल्पलाइन
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
नशामुक्ति मानस हेल्पलाइन – 1933
एएनटीएफ दुर्ग – 94791-5151
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी – 1930
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





