#प्रदेश

सबरीमाला मंदिर में दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नियमों के उल्लंघन पर 29 मामलों में 1 लाख रुपये का जुर्माना

Advertisement Carousel

केरल। सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर और उसके आसपास संचालित दुकानों में नियमों की अनदेखी करना कारोबारियों को भारी पड़ रहा है। प्रशासन की संयुक्त निरीक्षण टीम ने अब तक नियमों के उल्लंघन के 29 मामले पकड़े हैं और दोषियों पर कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई, निर्धारित कीमतों और सामान की सही तौल सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

होटलों और भोजनालयों में सबसे ज्यादा गड़बड़ी

आधिकारिक बयान के अनुसार, जांच में सबसे ज्यादा अनियमितताएं होटलों और भोजनालयों में मिली हैं। इनमें साफ-सफाई की कमी, कर्मचारियों का दस्ताने और सिर पर कवर नहीं पहनना तथा रसोई में गंदगी जैसी शिकायतें शामिल हैं।

इसके अलावा, दुकानदारों द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक वसूली और ग्राहकों को कम तौल या कम मात्रा में सामान देने के मामलों पर भी सख्ती बरती जा रही है।

होटल से जब्त किया गया बासी खाना, अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सन्निधानम स्थित एक होटल से बासी खाना जब्त कर नष्ट कराया गया। संबंधित होटल पर जुर्माना भी लगाया गया है।

निरीक्षण टीम ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि खराब और सड़े हुए फलों का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में न किया जाए। केवल खराब हिस्सा हटाकर बाकी फल से जूस तैयार करना भी नियमों के खिलाफ है।

तीन टीमें कर रहीं निरीक्षण, श्रद्धालुओं से भी लिया जा रहा फीडबैक

यह विशेष अभियान तीन अलग-अलग टीमों के माध्यम से चलाया जा रहा है। संयुक्त टीम में स्थानीय स्वशासन, राजस्व, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, विधिक माप विज्ञान और नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के साथ-साथ अयप्पा भक्तों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें और सुझाव भी ले रही हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कब होगी सबरीमाला में मंडल पूजा और मकरविलक्कू?

भगवान अयप्पा मंदिर को वार्षिक मंडल तीर्थयात्रा के लिए 17 नवंबर को खोला गया था। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

  • 27 दिसंबर: मंडल पूजा, इसके बाद मंदिर बंद होगा।

  • 30 दिसंबर: मकरविलक्कू तीर्थयात्रा के लिए शाम 5 बजे मंदिर फिर खुलेगा।

  • 14 जनवरी: मकरविलक्कू उत्सव।

  • 19 जनवरी: श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का अंतिम दिन।

  • 20 जनवरी: मंदिर बंद होगा।

तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ भोजन, उचित कीमत और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।