#प्रदेश

CG News: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, दो ठेकेदार एजेंसियां ब्लैकलिस्ट

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही और तय समय-सीमा में काम पूरा नहीं करना दो ठेकेदार एजेंसियों को भारी पड़ गया है. छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने सख्त कार्रवाई करते हुए मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स को ब्लैकलिस्ट कर दिया है. दोनों एजेंसियों को कोरबा जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के आवासीय भवन निर्माण का जिम्मा सौंपा गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं करने और निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति के चलते यह कार्रवाई की गई है.

9 महीने में पूरा करना था निर्माण कार्य

जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के तीन स्थानों पर आवासीय भवनों का निर्माण किया जाना था. इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंजना (विकासखंड कटघोरा), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उतरदा (विकासखंड पाली) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान (विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा) शामिल हैं. अनुबंध के तहत इन निर्माण कार्यों को 9 महीने के भीतर पूरा करने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार एजेंसियों को दी गई थी.

नोटिस का भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब

निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और ठेकेदारों की लापरवाही को देखते हुए मंडल ने दोनों एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. हालांकि, निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने और काम के प्रति उदासीनता सामने आने के बाद मंडल ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों एजेंसियों को काली सूची में डालने का आदेश जारी कर दिया.

अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने दी सख्त चेतावनी

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि सरकारी निर्माण कार्य सीधे आम नागरिकों की सुविधाओं और जनहित से जुड़े होते हैं. ऐसे कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रत्येक निर्माण एजेंसी को अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करना होगा. जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश

मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन प्राथमिकता है. ठेकेदारों को निर्माण की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा और अनुबंध की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

मंडल ने स्पष्ट किया है कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. भविष्य में भी लापरवाही और अनुबंध का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.