#प्रदेश

MATS University: एनआईटी रायपुर की 5G लैब पहुंचे मैट्स विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, आधुनिक तकनीक की बारीकियों को समझा

Advertisement Carousel

रायपुर। तकनीकी शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में मैट्स विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमएसआईटी) की ओर से विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट (टीएनपी) सेल के समन्वय से बीसीए और एमसीए के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की 5G लैब का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अत्याधुनिक 5G तकनीक, उसकी कार्यप्रणाली और विभिन्न क्षेत्रों में उसके उपयोग की जानकारी हासिल की।

5G तकनीक की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

एनआईटी रायपुर पहुंचने पर विद्यार्थियों के दल का स्वागत किया गया। उन्हें 5G लैब की विभिन्न सुविधाओं और वहां उपलब्ध उपकरणों से परिचित कराया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को 5G तकनीक के मूल सिद्धांतों, नेटवर्क आर्किटेक्चर, तेज डेटा ट्रांसमिशन, कम विलंबता (लो लेटेंसी) और एक साथ बड़ी संख्या में डिवाइस को नेटवर्क से जोड़ने की क्षमता के बारे में विस्तार से बताया।

स्मार्ट सिटी से लेकर स्वास्थ्य क्षेत्र तक 5G के उपयोग की जानकारी

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में 5G तकनीक की उपयोगिता समझाई गई। लैब में मौजूद उपकरणों और तकनीकी प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों को मोबाइल एवं वायरलेस संचार से जुड़ी सैद्धांतिक अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप में देखने और समझने का अवसर मिला।

विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साह और जिज्ञासा दिखाई। उन्होंने विशेषज्ञों एवं शिक्षकों से तकनीक से जुड़े सवाल पूछे और सक्रिय रूप से संवाद किया।

व्यावहारिक ज्ञान से मजबूत होगा विद्यार्थियों का भविष्य

इस अवसर पर स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को 5G जैसी उभरती तकनीकों से अपडेट रहने और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के श्रीकांत ने कहा कि नवीनतम तकनीकों की जानकारी विद्यार्थियों के करियर के अवसर बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धी रोजगार जगत के लिए तैयार करती है।

विद्यार्थियों ने बताया ज्ञानवर्धक अनुभव

विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए एनआईटी रायपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए उपयोगी अनुभव बताया।

मैट्स विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी दक्षता, नवाचार और कौशल आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।