#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा: राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार दुर्घटनाग्रस्त, हाथ में फ्रैक्चर; AIIMS में भर्ती

Advertisement Carousel

बलौदाबाजार से रायपुर लौटते समय हुआ हादसा, ड्राइवर समेत अन्य लोग भी घायल; खरोरा पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल हो गई हैं। शुक्रवार को बलौदाबाजार से रायपुर लौटते समय उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर आया है। उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके ड्राइवर को भी सीने और हाथ में चोटें आई हैं।

कार और ट्रैक्टर की टक्कर के बाद हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना के कुछ देर बाद सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई।

गाड़ी में सवार थे चार लोग

हादसे के वक्त सांसद की गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है, जबकि उनके ड्राइवर के सीने और हाथ में चोट लगी है। अन्य घायलों को इलाज के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

खरोरा पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। सांसद और अन्य घायलों के स्वास्थ्य को लेकर भी आगे की मेडिकल जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।