Census 2027: छत्तीसगढ़ में जनगणना की तैयारी तेज, 72 हजार से अधिक कर्मियों की होगी तैनाती; 10 जनवरी से मिलेगी स्व-गणना की सुविधा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसंख्या की गणना के लिए 72 हजार से अधिक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी। नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक घर बैठे स्व-गणना करने का विकल्प मिलेगा, जबकि 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे। खास बात यह है कि स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक होगी।
जनगणना की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने और मैदानी स्तर पर निगरानी मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
33 जिलों में जनगणना, 72,769 कर्मियों की होगी तैनाती
प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए लगभग 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी। इस तरह कुल 72,769 कर्मचारी जनगणना की जिम्मेदारी संभालेंगे। लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक तैनात रहेगा।
10 जनवरी से 24 जनवरी तक स्व-गणना का विकल्प
जनगणना की प्रक्रिया में नागरिकों को डिजिटल सुविधा भी मिलेगी। 10 से 24 जनवरी 2027 तक लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने पर एक आईडी जनरेट होगी, जिसे बाद में प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। हालांकि, यह सुविधा वैकल्पिक है। जो नागरिक स्व-गणना नहीं करेंगे, उनके घर प्रगणक पहुंचकर जानकारी एकत्र करेंगे।
25 जनवरी से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी संकलित की जाएगी।
धर्म, जाति और दिव्यांगता समेत कई जानकारियां होंगी दर्ज
जनगणना की डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने बताया कि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से जानकारी ली जाएगी। इसमें प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का आधार होते हैं। इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बेहद जरूरी है।
जनगणना कर्मियों के तबादलों पर रोक
मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रगणकों का बेहतर प्रशिक्षण, नियमित पर्यवेक्षण और मॉनिटरिंग इस अभियान की सफलता के लिए जरूरी है। साथ ही नागरिकों को स्पष्ट बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी का उपयोग केवल आंकड़े जुटाने के लिए किया जाएगा। इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं है।
16 भाषाओं में उपलब्ध होगा मोबाइल एप
जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी इस एप के जरिए ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल से गणना ब्लॉकों का गठन, कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपने, प्रशिक्षण और कार्यों की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा।
दिसंबर से शुरू होगा जागरूकता अभियान
जनगणना के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का सुझाव दिया है। वहीं, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया दिसंबर में पूरी की जाएगी।
प्रशासन का लक्ष्य जनगणना-2027 के दूसरे चरण को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना है।





