महिला आरक्षण पर मायावती का समर्थन, लेकिन SC-ST महिलाओं के लिए 33% कोटे में अलग आरक्षण की उठाई मांग

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के भीतर अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग की है। मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इससे सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।
महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग
मायावती ने कहा कि बसपा शुरू से ही सभी वर्गों की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसर की पक्षधर रही है। पार्टी लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के समतामूलक संविधान की भावना के अनुरूप महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
SC-ST महिलाओं के लिए अलग कोटे की वकालत
बसपा प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण के भीतर एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था की जाती, तो यह एक ऐतिहासिक कदम होता। उन्होंने कहा कि जातिवाद, धनबल और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन वर्गों की महिलाओं को भी आगे बढ़ने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिलना चाहिए।
मायावती ने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
परिसीमन प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आशंका जताई कि सीटों की सीमा तय करने के दौरान राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के लिए गड़बड़ी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियों पर कई मामलों में देश और जनहित से ज्यादा पार्टी हित को प्राथमिकता देने के आरोप लगते रहे हैं।
धर्म और जाति से ऊपर उठकर मतदान की अपील
बसपा प्रमुख ने लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर अपने प्रतिनिधियों का चयन करें। साथ ही, लुभावने वादों और घोषणाओं के प्रभाव में आए बिना अच्छे लोगों को चुनने का संकल्प लें।उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा तथा सम्मान की असली गारंटी बताया।




