#प्रदेश

अंतर क्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में कोरबा पश्चिम की एकतरफा जीत

Advertisement Carousel

 

पावर कंपनी में अंतर क्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता संपन्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी की तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। प्रतियोगिता में कोरबा पश्चिम की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और एकल, युगल एवं टीम स्पर्धा सहित सभी प्रारूपों में विजेता रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एम.एस. चौहान तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष, मुख्य अभियंता एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के अध्यक्ष संजीव सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इसके पश्चात अपने संबोधन में अतिथियों ने खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करती हैं।

प्रतियोगिता की एकल स्पर्धा में कोरबा पश्चिचम के हर्षल विश्वकर्मा विजेता तथा विकल्प तिवारी उपविजेता रहे। युगल स्पर्धा में भी कोरबा पश्चिम के ही हर्षल विश्वकर्मा एवं सुनील सिंह की जोड़ी विजेता तथा विकल्प तिवारी एवं अतुल राय की जोड़ी उपविजेता रही। वहीं टीम स्पर्धा में कोरबा पश्चिम की टीम विजेता तथा दुर्ग की टीम उपविजेता रही। दुर्ग की टीम में रजनीश ओबेरॉय, पी.एल. माहेश्वरी, तरुण कुमार ठाकुर एवं रवि चंद्राकर शामिल रहे। इस अवसर पर लॉन टेनिस के प्रति लंबे समय से समर्पित योगदान देने वाले कार्यपालक निदेशक एम एस. चौहान एवं जनरेशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र कुमार इंगले को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रेफरी संजय टांडी एवं आर्य एक्का को भी सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में अधीक्षण अभियंता महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता प्रशांत कुमार, आकाश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे। क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के सचिच विनय चंद्राकर ने आभार प्रदर्शन किया।