तकनीक और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम: सर्किट हाउस में प्रदर्शित हुई लघु फिल्म ‘मोर भाखा’

० केटीयू के शिक्षकों और विद्यार्थियों के चेहरों को एआई पात्रों के रूप में किया गया जीवंत
रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के गौरवशाली अवसर पर राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से सुसज्जित एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ का विशेष प्रदर्शन किया गया। आधुनिक तकनीकी नवाचार और माटी के प्रति जुड़ाव को दर्शाती इस लघु फिल्म ने उपस्थित विद्वानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
विश्वविद्यालय परिसर से जुड़ी है कथानक की पृष्ठभूमि यह लघु फिल्म कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के परिसर के परिवेश पर आधारित है। फिल्म के प्रेरणा स्रोत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्र हैं, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल का कुशल मार्गदर्शन इस सृजन को प्राप्त हुआ है। इसकी संकल्पना और निर्देशन विश्वविद्यालय के अतिथि व्याख्याता डॉ. कपिल देव प्रजापति द्वारा किया गया है।
फिल्म में छत्तीसगढ़ी भाषा का सहयोग डॉ. हितेश कुमार तिवारी ने प्रदान किया है।
फिल्म की सबसे बड़ी तकनीकी विशेषता यह है कि इसमें एआई जनरेटिव टूल्स का उपयोग करते हुए विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, कर्मचारियों और जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों के वास्तविक चेहरों को डिजिटल पात्रों के रूप में ढाला गया है। लगभग तीन मिनट की इस लघु फिल्म की कहानी आधुनिकता की दौड़ में अपनी भाषा से दूर होते जा रहे युवाओं की मानसिकता पर चोट करती है।
फिल्म के अंत में सभी पात्र गर्व के साथ “मोर भाखा, मोर पहचान, मोर गुमान छत्तीसगढ़” का उद्घोष करते हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्र ने कहा कि “एआई जैसी अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग कर छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार का यह प्रयास अत्यंत अनूठा है। यह फिल्म नई पीढ़ी में अपनी भाषा के प्रति गर्व का भाव पैदा करेगी।”
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि हमारे विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा तकनीकी दक्षता के साथ क्षेत्रीय भाषा को जो मंच दिया गया है, वह मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि कम समय में समाज और युवाओं को एक अत्यंत सकारात्मक संदेश देने वाली यह फिल्म निर्देशक डॉ. कपिल देव प्रजापति और उनकी पूरी टीम की रचनात्मक उत्कृष्टता का प्रमाण है।
ज्ञातव्य है कि फिल्म को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के डॉ. चैताली पांडे, जितेन्द्र श्रीवास ने विशेष सहयोग किया आमजन, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों के लिए यह लघु फिल्म लोकप्रिय यूट्यूब चैनल ‘KAPITUDE’ पर उपलब्ध है।





