कही-सुनी (29 NOV-26) : कब होगी छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति

रवि भोई की कलम से
छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग (सीजी पीएससी )के अध्यक्ष की नियुक्ति का मामला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तक पहुँच गया है, फिर भी नियुक्ति का अता-पता नहीं है। छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग संवैधानिक संस्था है,संवैधानिक संस्था में प्रमुख की नियुक्ति में देरी और असमंजस कई सवालों को जन्म देता है। सीजी पीएससी के अध्यक्ष की नियुक्ति के मामले में सरकार को 14 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जवाब देना है, ऐसे में उम्मीद की जानी चाहिए कि उसके पहले पीएससी को मुखिया मिल जाएगा। पीएससी में चेयरमैन न होने के कारण इंटरव्यू और प्रमोशन तक अटके हैं। कहा जा रहा है कि 8 सितंबर से पीएससी का कामकाज पूरी तरह ठप है। कुछ दिनों पहले रिटायर्ड आईएएस महादेव कावरे को पीएससी का अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें लगाईं जा रही थी, लेकिन अभी तक आदेश नहीं हुआ है। कहते हैं कि सरकार की योजना थी कि महादेव कावरे को पीएससी का सदस्य बनाकर अध्यक्ष का चार्ज दे दिया जाय,पर इसमें कुछ लोगों ने पेंच फंसा दिया। खबर उड़ रही है कि पीएससी अध्यक्ष के लिए अब नए व्यक्ति की तलाश हो रही है। सरकार पीएससी चेयरमैन के लिए प्रमुख सचिव स्तर के अफसर की तलाश में है, पर उसे मिल नहीं रहे हैं। पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से सरकार की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। डॉ रमन सिंह के दूसरे कार्यकाल में मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष रहे प्रदीप जोशी को सीजी पीएससी का अध्यक्ष बनाया गया था। प्रदीप जोशी प्रोफ़ेसर थे और करीब चार साल तक छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वे संघ लोकसेवा आयोग चले गए। अब लोगों के मन में जिज्ञासा है कि कोई रिटायर्ड आईएएस की जगह क्या विष्णुदेव साय की सरकार भी क्या किसी प्रोफ़ेसर को सीजी पीएससी का अध्यक्ष बना सकती है ?
अंकित आनंद प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे
कहा जा रहा है कि 2006 बैच के आईएएस अंकित आनंद 2027 के शुरुआत में केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं। अंकित आंनद की पत्नी भारत सरकार में चली गईं हैं,इस कारण लोग अनुमान लगा रहे हैं कि अंकित आनंद भी दिल्ली चले जाएंगे। कहते हैं अंकित आनंद केंद्र सरकार में जाने के लिए पहले से आवेदन दे रखा है। सरकार ने पहले रोक दिया था। अब मंजूरी की उम्मीद है। अंकित आनंद राज्य में आवास पर्यावरण विभाग के सचिव और पर्यावरण संरक्षण मंडल के अध्यक्ष है। इसके अलावा राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रमुख भी हैं। चर्चा है कि अंकित आनंद की जगह अवनीश शरण या चंदन कुमार को आवास-पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। 2009 बैच के आईएएस अवनीश शरण सचिव स्तर के अधिकारी हैं और अभी इनके पास आयुक्त हाउसिंग बोर्ड, सीईओ आरडीए और संचालक नगर निवेश का प्रभार है। 2011 बैच के आईएएस चंदनकुमार अभी विशेष सचिव वित्त हैं और 2027 में सचिव के पद पर पदोन्नत हो जाएंगे।
प्रभारी के भरोसे पानी वाले विभाग
राज्य में पेयजल और सिंचाई दोनों विभागों में पूर्णकालिक मुखिया नहीं हैं। दोनों ही विभाग प्रभारी ईएनसी के भरोसे चल रहे हैं। जल संसाधन विभाग में जितेंद्र नेताम प्रभारी ईएनसी हैं, तो लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई ) में के के मरकाम प्रभारी ईएनसी हैं। कहते हैं कि जल संसाधन में अगले दो साल तक कोई फुलटाइम ईएनसी नहीं बन सकता है, क्योंकि विभाग में अभी ईएनसी के मापदंड को पूरे करने वाले अफसर ही नहीं हैं। राज्य में जल संसाधन विभाग अभी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास है। जल संसाधन विभाग में करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट लंबित हैं और पाइप लाइन में भी हैं। अब तदर्थवाद पर चल रहे विभाग के प्रोजेक्ट कैसे पूरे होंगे, यह बड़ा सवाल है। पीएचई में भी फुलटाइम ईएनसी के पात्र अफसर नहीं हैं। अभी पीएचई विभाग जल जीवन मिशन के चक्कर में उलझा है। कहते हैं जल जीवन मिशन में काम किए कई ठेकेदारों का भुगतान अभी अटका हुआ है।
कलेक्टरी के पहले एचओडी की जिम्मेदारी
सुनने में आ रहा है कि मुख्य सचिव विकासशील सीनियर अफसरों को डेप्युटेशन में जाने देने की अनुमति देने के पक्ष में नहीं हैं। कहते हैं कि प्रतिनियुक्ति पर गए कुछ वरिष्ठ अफसरों को छत्तीसगढ़ बुलाने के पक्ष में हैं। बताते हैं छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ अफसरों की कमी के कारण कलेक्टरी की जिम्मेदारी संभाले बिना जूनियर अफसरों को बड़े-बड़े विभागों का एचओडी बना दिया गया है। 2019 बैच की पदोन्नत आईएएस रीता यादव अभी उच्च शिक्षा विभाग की आयुक्त हैं। 2019 बैच के ही पदोन्नत आईएएस गजेंद्र सिंह ठाकुर को संचालक समाज कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। 2019 बैच के पदोन्नत आईएएस लोकेश कुमार को उद्यानिकी विभाग का संचालक बनाया गया है। 2018 बैच के पदोन्नत आईएएस अश्विनी देवांगन संचालक स्वच्छ भारत मिशन की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। फील्ड की पोस्टिंग संभाले बिना ही कुछ अफसर निगम-मंडलों के प्रबंध संचालक भी हैं।
भूपेश और देवेंद्र की लड़ाई
इसे ही कहते हैं समय का खेल। एक समय राज्य की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव एक सिक्के के दो पहलू थे। आज दोनों एक-दूसरे को फूटी आँख नहीं सुहा रहे हैं। दोनों की लड़ाई सड़क पर आ गई है। पिछले दिनों भिलाई में आयोजित कांग्रेस पार्टी के एक कार्यक्रम में दोनों के समर्थक एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को हस्तक्षेप कर मामला शांत करना पड़ा। देवेंद्र यादव के साथ पार्टी के कुछ बड़े नेता भी हैं। अब देखते हैं कांग्रेस की राजनीति किधर जाती है।
(लेखक पत्रिका समवेत सृजन के प्रबंध संपादक और स्वतंत्र पत्रकार हैं।)
(डिस्क्लेमर – कुछ न्यूज पोर्टल इस कालम का इस्तेमाल कर रहे हैं। सभी से आग्रह है कि तथ्यों से छेड़छाड़ न करें। कोई न्यूज पोर्टल कोई बदलाव करता है, तो लेखक उसके लिए जिम्मेदार नहीं होगा। )




