Close

छत्तीसगढ़ में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन होगा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन…

छत्तीसगढ़ के शिक्षा, धर्मस्व एवम संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अयोध्या में आयोजित ’ रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ अवसर पर 22 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ में भी भव्य एवं वृहद रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन करने के निर्देश विभाग को दिए है। इस संबंध में कार्ययोजना बनाकर राज्य के सभी कलेक्टर को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

राज्य शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में आयोजित ’श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ के मद्देनजर राज्य भर में भव्य रूप से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उक्त आयोजन तीन स्तरों में संभागीय/जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर होगा।

इस आयोजन में मानस मंडलियों को जोड़ा जाना है। राज्य के प्रत्येक जिलों में संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा के साथ पंजीकृत क्रियाशील लगभग 4700 मानस मंडलियां हैं। राज्य शासन के घोषणा अनुरूप इन सभी मानस मंडलियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रत्येक मंडली को 5000 रूपए प्रदाय करने का निर्णय लिया गया है। उक्त निर्णय अनुरूप जिलेवार मानस मंडलियों की सूची एवं तदानुसार धनराशि का आबंटन संचालनालय, संस्कृति एवं राजभाषा द्वारा सीधे प्रत्येक कलेक्टरों को उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसका शीघ्रता के साथ वितरण किए जाने की बात कही गई है ताकि भव्य आयोजनों में इन मानस मंडलियों को पूरा उत्सुकता के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा सके।

प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से कम से कम ऐसे एक विशिष्ट मंदिर में 22 जनवरी, 2024 को दीप प्रज्जवलन, दीपदान एवं लाईटिंग व्यवस्था की जाए। इस मंदिर प्रांगण में प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर क्षेत्र के 05 मानस मंडलियों के मानस गायन का आयोजन इस दिवस आयोजित किया जायेगा। उसी तरह प्रत्येक संभाग एवं जिला मुख्यालयों में भी कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर तय कर उपरोक्त वर्णन अनुसार भव्य आयोजन किया जायेगा।

विकासखण्ड स्तर पर आवश्यक कार्यक्रम व्यवस्था हेतु राशि 25000 रूपए, प्रत्येक विकासखण्ड में पंजीकृत 05 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5000 रूपए के मान से संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजन हेतु राशि एक लाख रूपए के मान से तथा संभाग मुख्यालय में पंजीकृत प्रत्येक संभाग से 5-5 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5000 रूपए के मान से प्रदान किए जायेंगे।

धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रभु राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपूर्ण भारतवर्ष के लिए आस्था का विषय है इसलिए सामाजिक संस्था, मंदिर ट्रस्ट, मंदिर समितियों एवं आम जनमानस के सहयोग से यह भव्य और दिव्य आयोजन सफल होगा।

scroll to top