Close

राज्यसभा चुनाव : मध्यप्रदेश में निर्विरोध होगा राज्यसभा का निर्वाचन, भाजपा से चार, कांग्रेस से एक प्रत्याशी

नेशनल न्यूज़। भाजपा ने मध्य प्रदेश के राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राज्य की कुल पांच सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इसमें भाजपा की चार और कांग्रेस की एक सीट पर जीत पक्की है। भाजपा ने डॉ. एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने अशोक सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। कोई अतिरिक्त उम्मीदवार न होने से यह स्पष्ट है कि चुनाव निर्विरोध होंगे।

कौन हैं भाजपा के उम्मीदवारः
एल मुरुगनः केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। सात जुलाई 2021 को उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया था। इससे पहले वे भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रदेश अध्यक्ष थे। मुरुगन ने 2011 और 2021 में तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हारे थे। हालांकि, मद्रास हाईकोर्ट में भारत सरकार के स्थायी वकील बने। 2017 में उन्हें राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया था। 12 मार्च 2020 को उन्हें भाजपा तमिलनाडु इकाई का प्रमुख बनाया गया। वह अरुंथथियार समुदाय से इस पद को संभालने वाले पहले व्यक्ति हैं। वह इस समय मध्य प्रदेश का ही प्रतिनिधित्व राज्यसभा में कर रहे थे।
उमेश नाथ महाराजः उज्जैन के वाल्मीकि धाम आश्रम के पीठाधीश्वर हैं बाल योगी संत उमेश नाथ जी महाराज। अखिल भारतीय वाल्मिकी सनातन धर्म के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ ही वे वाल्मीकि समाज के बड़े संत हैं। उनके भक्त मध्य प्रदेश और राजस्थान में फैले हैं। इनसे आशीर्वाद लेने संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी पहुंच चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर मोहन यादव तक बाबा के आश्रम जाते रहे हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी उमेशनाथ महाराज के अच्छे रिश्ते हैं।
माया नारोलियाः मध्य प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं। नर्मदापुरम जिले से आती हैं और नगर पालिका की अध्यक्ष भी रही हैं। रिश्तेदारों को नौकरी देने के आरोप लगे थे। विधानसभा चुनावों में विधायक का टिकट पाने की तगड़ी दावेदार थी।
बंसीलाल गुर्जरः भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। मंदसौर से ताल्लुक रखने वाले गुर्जर की समाज में अच्छी पकड़ है। पार्टी किसानों को साधना चाहती है, जिसके लिए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस ने अशोक सिंह पर जताया भरोसा
कांग्रेस ने भी मध्य प्रदेश समेत तीन राज्यों की छह राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश से अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है। कर्नाटक से अजय माकन, डॉ. सैयद नासिर हुसैन, जीसी चंद्रशेखर को और तेलंगाना से रेणुका चौधरी व अनिल कुमार यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके साथ ही उन अटकलों पर विराम लग गया, जिसमें कहा जा रहा था कि कमलनाथ मध्य प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे। दरअसल, कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह किया था कि सोनिया गांधी मध्य प्रदेश से नामांकन दाखिल करें। इसके बजाय सोनिया ने राजस्थान को चुना और मंगलवार को वहां से नामांकन दाखिल किया।

कौन हैं अशोक सिंह
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। ग्वालियर के रहने वाले अशोक सिंह यादव समाज से आते हैं। अशोक सिंह को कमलनाथ का करीबी माना जाता है।

scroll to top