० विधायक जनक ध्रुव कार्यक्रम में हुए शामिल,उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
गरियाबंद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज गरियाबंद के वन विभाग स्थित ऑक्सन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनकराम ध्रुव ने की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला के समस्त विकासखण्डों के एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिकाओं सहित प्रत्येक परियोजना के सेक्टर पर्यवेक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के विभिन्न प्रकार के खेलकुद प्रतियोगिता, रंगोली तथा व्यंजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में महिलाओं ने बड़ी उत्सुकता एवं उमंग के साथ भागीदारी सुनिश्चित की। महिला के सम्मान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं शामिल हुई। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरी शंकर कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा पारस ठाकुर, नगर पालिका गरियाबंद के अध्यक्ष श्री रिखी राम यादव, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चन्द्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नंदनी साहू, श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, श्रीमती लोकेश्वरी नेताम, नेहा सिंघल, अध्यक्ष जनपद पंचायत मैनपुर श्रीमती मोईना नेताम, अध्यक्ष जनपद पंचायत देवभोग श्रीमती पदमाल्या निधि एवं अध्यक्ष नगर पंचायत छुरा श्रीमती कुलेश्वरी निषाद सहित विभागीय महिला अधिकारी-कर्मचारियों सहित महिलाएं मौजूद रही।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार के साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। देश की राष्ट्रपति भी महिला के रूप में सर्वोच्च पद पर रहकर देश सेवा के लिए सदैव तत्पर है। शासन भी महिलाओं को आगे बढ़ाने विभिन्न प्रकार की येाजनाओं का संचालन कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की महिलाओं को एक हजार रूपये प्रतिमाह महतारी वंदन योजना के तहत प्रदान किया जा रहा है। साथ ही आजीविका गतिविधियों के लिए बिहान योजना भी संचालित है। उन्होंने बड़े कार्यक्रमों के लिए अधिक संख्या में बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गरियाबंद में ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की।
इस अवसर पर बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि नारी का समाज में उत्कृष्ट स्थान है। महिलाएं दो कुल का नाम रौशन करती है। पिता के साथ पति के कुल का भी नाम रौशन का उत्कृष्ट सामाजिक दायित्व निभाती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं विकास की मुख्य धारा में लगातार आगे बढ़ रही है। जिससे समाज विकसित हो रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि आदिकाल से ही भारत में महिलाओं का उत्कृष्ट सम्मान एवं सर्वोच्च स्थान रहा है। उन्होंने अहिल्या बाई होल्कर जैसी वीरांगनाओं की वीरता की कहानी बताकर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवतुल्य वातावरण रहता है। सरकार भी महिलाओं के विकास एवं नारी शक्ति को सुदृढ़ करने लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर ने कहा कि नारी शक्ति, स्नेह एवं शौर्य का प्रतीक है। नारी के विकास से ही सबका विकास जुड़ा होता है। महिलाएं घर के साथ-साथ बाहर की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही है।