CG Accident Breaking : नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा, दो कारों की टक्कर में 6 की मौत, 3 घायल

कांकेर।कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज कांकेर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही निखिल राखेचा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों के बयान के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




