रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, मौसम विभाग ने दी चेतावनी ,अगले 2 दिन लू के आसार

छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना असर तेज कर दिया है। दिनभर चल रही गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं और फिलहाल राहत मिलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ और आने वाले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान लू चल सकती है। इससे लोगों को और अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। राजनांदगांव में सर्वाधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणी सक्रिय है, जबकि उत्तर तटीय ओडिशा के पास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही, आंतरिक महाराष्ट्र और तेलंगाना के ऊपर एक प्रति चक्रवात भी प्रभावी है। इन सभी कारणों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में फिलहाल किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान लगभग 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, बस्तर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में हल्की गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।





