राजधानी में दिनदहाड़े थार सवार बदमाशों ने कारोबारी से 1 लाख की लूट, मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चंदनडीह इलाके में महिंद्रा थार सवार तीन बदमाशों ने एक कारोबारी के साथ मारपीट कर उसके बैग से 1 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पंडरी स्थित ताज नगर मस्जिद के पास रहने वाले 40 वर्षीय जफर इकबाल होम डेकोर का काम करते हैं। 20 अप्रैल 2026 को वे डेढ़ लाख रुपये लेकर अपने एक मित्र को देने के लिए टाटीबंध से कुम्हारी जा रहे थे। रकम उन्होंने काले बैग में रखकर कंधे पर टांग रखी थी।
दोपहर करीब 2:45 बजे चंदनडीह के पास पुल पर जाम लगने के कारण वे नीचे उतर गए और दुर्गा मंच के पास पानी पीने के लिए रुक गए। इसी दौरान करीब 3 बजे काले रंग की थार में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी ने उतरकर उनका बैग छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी।
झड़प के दौरान आरोपी बैग लेकर गाड़ी में बैठ गया, लेकिन कुछ दूरी पर बैग वापस फेंक दिया। जब पीड़ित ने बैग चेक किया तो उसमें से 1 लाख रुपये गायब थे और केवल 50 हजार रुपये बचे थे।
पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और कैवल्य धाम मंदिर तक पहुंच गया, जहां आरोपी गाड़ी लेकर अंदर घुस गए और फिर वहां से फरार हो गए। इस दौरान पीड़ित को हाथ और सीने में चोटें भी आई हैं। उन्होंने गाड़ी का नंबर CG-07-CS-7739 नोट कर लिया।
मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।
एडिशनल डीसीपी राहुल देव ने बताया कि युवक व्यापारिक लेनदेन के लिए रकम लेकर जा रहा था। झड़प के दौरान वह 50 हजार रुपये बचाने में सफल रहा, जबकि बाकी रकम आरोपी लूटकर फरार हो गए। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।





