रायपुर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: 2 युवकों की मौत, 1 घायल, मुआवजे को लेकर प्रदर्शन

रायपुर। रायपुर की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि ट्रक UltraTech Cement से जुड़ा हुआ है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मृतकों की पहचान गोलू यादव और राजू यादव के रूप में हुई है, जो टेंट लगाने का काम करते थे। दोनों काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी सरीखेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू यादव ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं मोंटू यादव इस हादसे में घायल हो गया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी छेड़ीखेड़ी के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की। पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां सख्त ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।




