छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा बदलाव तय: मई में HOFF श्रीनिवास राव रिटायर, नए प्रमुख की रेस तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन विभाग में आने वाला मई महीना बड़े प्रशासनिक बदलाव का संकेत दे रहा है। वर्तमान पीसीसीएफ और वन बल प्रमुख वी. श्रीनिवास राव 31 मई को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनके रिटायरमेंट से पहले ही नए HOFF (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स) के चयन को लेकर विभाग में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर कौशलेंद्र कुमार और अरुण कुमार पांडेय का नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि, अभी तक सरकार या विभाग की ओर से किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
माना जा रहा है कि लंबे प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए रिटायरमेंट के बाद श्रीनिवास राव को राज्य में कोई अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, लेकिन इस पर भी फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं।
इधर, वन विभाग में जून और जुलाई में भी कई वरिष्ठ अधिकारियों के रिटायरमेंट तय हैं। तपेश झा जून में सेवानिवृत्त होंगे, जबकि लघु वनोपज संघ के एमडी साहू जुलाई में रिटायर होंगे।
इन लगातार रिटायरमेंट्स के चलते पीसीसीएफ स्तर के तीन पदों पर बदलाव होना तय माना जा रहा है। पीसीसीएफ पद के लिए प्रेम कुमार और ओपी यादव के नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन प्रेम कुमार के जुलाई में रिटायर होने के कारण उनकी संभावनाएं कम मानी जा रही हैं।
कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ के वन विभाग में अगले कुछ महीने नेतृत्व परिवर्तन और नई नियुक्तियों के लिहाज से काफी अहम साबित होने वाले हैं।





