#प्रदेश

Chhattisgarh Politics: 25-26 अक्टूबर को रायपुर आएंगी BJP प्रभारी स्मृति ईरानी, मैराथन बैठकों में लेंगी नेताओं का रिपोर्ट कार्ड; पर्सनल ब्रांडिंग पर सख्ती

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर के दौरे पर रहेंगी। छत्तीसगढ़ का प्रभार मिलने के बाद यह उनका पहला प्रवास होगा। दो दिवसीय दौरे में वह पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लेंगी।

इस दौरे को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और मिशन 2028-29 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलाव और नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

पूर्व सांसदों-विधायकों से वन-टू-वन चर्चा

स्मृति ईरानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार बैठकें करेंगी। इस दौरान पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के कामकाज तथा संगठन में उनकी भूमिका की समीक्षा की जाएगी। रिपोर्ट कार्ड और फीडबैक के आधार पर 60 से अधिक पूर्व जनप्रतिनिधियों को संगठन में नई जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसदों, विधायकों, संगठन के पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ भी चर्चा होगी। इन बैठकों के जरिए संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन करने और भविष्य की रणनीति तय करने पर जोर रहेगा।

नेताओं की पर्सनल ब्रांडिंग पर रोक!

स्मृति ईरानी के दौरे से पहले पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को लेकर कुछ सख्त निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के नेताओं से सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार के बजाय सरकार और संगठन के कामकाज को प्राथमिकता देने को कहा गया है।

नेताओं को केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने पर ध्यान देने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा रायपुर आगमन पर स्वागत के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग लगाने से भी बचने को कहा गया है।

एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालय तक बाइक रैली की तैयारी

एक ओर बड़े होर्डिंग्स पर रोक की बात कही जा रही है, वहीं स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक बाइक रैली निकालने की तैयारी है। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रहेंगे मौजूद

दो दिवसीय प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी के साथ नवनियुक्त सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे। स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी, संगठनात्मक मजबूती और नेताओं की जिम्मेदारियों की समीक्षा बैठक के प्रमुख मुद्दे हो सकते हैं।

भाजपा के इस दौरे को प्रदेश में संगठन की कार्यशैली की समीक्षा और आगामी चुनावी तैयारियों को दिशा देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।