#धार्मिक #राष्ट्रीय

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम के कपाट खुले, गूंजा “हर-हर महादेव”, सीएम धामी ने की पूजा

Advertisement Carousel

केदारनाथ। उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ मंदिर के कपाट आज प्रातः शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोष से गूंज उठा। इस दिव्य अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और भक्ति में लीन दिखाई दिए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और राज्य व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

बाबा केदार के धाम को लगभग 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से आए भक्त इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बने।
कपाट खुलने से एक दिन पहले भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर कठिन 17 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए केदारनाथ धाम पहुंची। यह यात्रा जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरी।

धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा करने के बाद भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा संपन्न हुई। इस दौरान सैन्य बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है, और अब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।