गरियाबंद: तेंदुए के हमले से दहशत, 3 साल की बच्ची को उठाकर ले जाने की कोशिश, ग्रामीणों ने बचाई जान

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला में तेंदुए के हमले से एक बार फिर भय का माहौल बन गया है। कोटरीछापर गांव में 3 साल की मासूम बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन मां और ग्रामीणों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना घर के आंगन के बाहर की है, जहां खेल रही बच्ची पर अचानक तेंदुआ ने झपट्टा मार दिया। तेंदुआ बच्ची को उठाकर ले जाने ही वाला था कि उसकी मां ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हिम्मत दिखाते हुए बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया।
हमले में बच्ची के गर्दन और पैर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 1,000 रुपये की सहायता राशि दी है और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पहले भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी क्षेत्र में तेंदुए ने एक बुजुर्ग पर हमला किया था, जिसके बाद से इलाके में लगातार दहशत बनी हुई है।




