#प्रदेश

West Bengal Election : टीएमसी-एजेयूपी में हिंसक टकराव: गाड़ियों में तोड़फोड़, पत्थरबाजी और लाठियां चलीं, बंगाल मतदान के दौरान नाओदा में बवाल

Advertisement Carousel

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल में 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के मतदान के दौरान मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा क्षेत्र में एक बार फिर राजनीतिक तनाव हिंसक रूप लेता नजर आया। मतदान प्रक्रिया के बीच शिवनगर गांव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के बीच तीखी झड़प की खबरों ने माहौल को गरमा दिया।
जानकारी के अनुसार, मतदान के दौरान दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए और स्थिति तेजी से बिगड़ गई। इस दौरान जमकर नारेबाजी, पत्थरबाजी और लाठीचार्ज जैसी घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी ने उनकी पार्टी के कई उम्मीदवारों को मोटी रकम देकर चुनाव से हटने के लिए प्रभावित किया है, जिससे पूरी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि शुरुआत में उनकी पार्टी के 142 उम्मीदवार थे, जो अब घटकर 115 रह गए हैं। उनके अनुसार, कुछ उम्मीदवारों को 9 लाख से 30 लाख रुपये तक की पेशकश कर चुनाव से हटने के लिए दबाव बनाया गया।
मतदान के दौरान शिवनगर गांव स्थित बूथ पर हुमायूं कबीर के पहुंचने पर टीएमसी समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

एजेयूपी कार्यकर्ताओं ने भी आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थकों ने उनके एक बूथ स्तर के पदाधिकारी के साथ मारपीट की। हालांकि मौके पर मौजूद केंद्रीय सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए उन पर धार्मिक तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।