#crime #प्रदेश

रायपुर में सट्टा रैकेट पर बड़ी कार्रवाई: बाबू खेमानी के घर से करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी कारों का खुलासा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमों ने सट्टे के कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव घर पर छापेमारी की।
सर्च वारंट के साथ पहुंची पुलिस टीम को घर में बाबू खेमानी, उसके परिजन और अन्य सदस्य मौजूद मिले। जांच के दौरान पुलिस को पांच महंगी लग्जरी कारें, बीएमडब्ल्यू और क्रेटा सहित कई वाहनों के साथ-साथ करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी के पास रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब एक एकड़ जमीन भी पाई गई है। इसके अलावा बाबू और उसके सहयोगी करण के बैंक खातों और लेनदेन की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टे के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी बनाई थीं और कई म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जाता था।

पहले जुड़ा था महादेवबुक ऐप से
बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेवबुक ऐप से जुड़ा था, बाद में उसने खुद का सट्टा नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर वह खुद को इन्फ्लुएंसर बताकर रील्स और वीडियो भी बनाता था, जिनमें कुछ आपत्तिजनक और विवादित सामग्री भी सामने आई है।

पूर्व महापौर के भतीजे के साथ का वीडियो वायरल
इस मामले में पूर्व महापौर के भतीजे के साथ वायरल वीडियो ने भी हलचल बढ़ा दी है। इससे पहले कबीर नगर सट्टा मामले में उसके नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिसमें उसका चचेरा भाई ओम खेमानी गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे रैकेट की गहन जांच में जुटी हुई है।