नेशनल हाईवे 930 पर फिर हादसा: कार पलटी, 10 घायल; दो दिन में दूसरी बड़ी दुर्घटना

मोहला मानपुर। छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 930 पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमानसुर के पास एक आरटिका कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार 10 लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बालोद जिले के भरदा कला गांव से एक ही परिवार के 10 लोग कांकेर जिले के ग्राम शिलपट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए सड़क पर दोबारा खड़ी हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी 10 घायलों को गंभीर चोटों के चलते राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
लगातार दूसरे दिन बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इसी नेशनल हाईवे पर एक दिन पहले भी खड़गांव थाना क्षेत्र में एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था, जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए थे। इनमें से छह की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है।

ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रहे हादसों से नाराज़ स्थानीय ग्रामीणों ने नवनिर्मित हाईवे में अव्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।





