पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी, 142 सीटों पर वोटिंग; 11 बजे तक 40% मतदान

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को 142 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में कुल 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है। एक ओर ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी राज्य में पहली बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मतदान किया
चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक करीब 40 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। शुरुआती रुझानों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस चरण में भी मतदान प्रतिशत ऊंचा रह सकता है।उत्तर 24 परगना की बिधाननगर सीट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बदलाव तय है और जनता इसके लिए तैयार है।
बारानगर में ईवीएम ख़राब होने की शिकायत मिली
वहीं, बारानगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 72 पर में ईवीएम ख़राब होने की शिकायत मिली , जिसके चलते कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ और मतदाताओं में नाराजगी देखी गई।छपरा विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर भाजपा पोलिंग एजेंट पर हमले का मामला भी सामने आया है। एजेंट ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने हथियारों और डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ममता बनर्जी के मतदान केंद्रों के दौरे पर शुभेंदु अधिकारी ने उठाया सवाल
इसी बीच, नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के मतदान केंद्रों के दौरे पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण समय है और लोगों को बिना डर के वोट देना चाहिए।
राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में से 152 सीटों पर पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है। शेष सीटों के लिए मतदान जारी है और मतगणना 4 मई को होगी।





