विधानसभा में मिस इंडिया छत्तीसगढ़ अनुष्का सोन की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात, महिला सशक्तिकरण पर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज एक खास दृश्य देखने को मिला, जब मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 सुश्री अनुष्का सोन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान सुश्री अनुष्का सोन ने मुख्यमंत्री को नारी सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान पर विशेष सत्र आयोजित करना एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
अनुष्का सोन ने बताया कि वे आज विधानसभा की ऐतिहासिक कार्यवाही को देखने विशेष रूप से पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझना उनके लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरक अनुभव रहा, जो भविष्य में उन्हें समाज के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
मुख्यमंत्री ने सुश्री अनुष्का सोन को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी की महिलाएं शिक्षा, कला, खेल और सामाजिक क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे।




