बंगाल चुनाव: 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को पुनर्मतदान, चुनाव आयोग का आदेश

नई दिल्ली।भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया है। आयोग के निर्देशानुसार इन सभी बूथों पर 2 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान होगा।
आयोग ने यह निर्णय मतदान के दौरान मिली शिकायतों और कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट के आधार पर लिया है। जिन बूथों पर गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी, उनमें 142-मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और 143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 मतदान केंद्र शामिल हैं।
भारी मतदान ने बनाया रिकॉर्ड
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले गए। दोनों चरणों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 92.67 प्रतिशत वोटिंग हुई, जिससे कुल औसत 92.93 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।
4 मई को आएंगे नतीजे
विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। मतगणना से पहले प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम में रखी ईवीएम की 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी हो रही है और किसी भी गड़बड़ी की संभावना नहीं है।
थर्ड जेंडर मतदाताओं की बढ़ी भागीदारी
चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में थर्ड जेंडर मतदाताओं ने रिकॉर्ड 91.28 प्रतिशत मतदान किया, जो पहले चरण के 56.79 प्रतिशत के मुकाबले काफी अधिक है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम जारी
मतदान समाप्त होने के बाद भी राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 700 कंपनियां राज्य में तैनात रहेंगी, ताकि चुनाव परिणामों से पहले और बाद में किसी भी तरह की हिंसा या गड़बड़ी को रोका जा सके।




