#प्रदेश

GST का छापा: माइनिंग ठेकेदार के घर-दफ्तर पर देर रात रेड, दस्तावेज और उपकरण खंगाले

Advertisement Carousel

भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में माइनिंग ठेकेदार अरविंद साहू के घर और कार्यालय पर जीएसटी की टीम ने शुक्रवार देर रात छापेमारी की। दिल्ली और रायपुर से आई अधिकारियों की संयुक्त टीम दो वाहनों में पहुंची और एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, बाजारपार स्थित निवास और दल्लीरोड स्थित कार्यालय में करीब रात 11 बजे से 1 बजे तक जांच की गई। इस दौरान टीम ने वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की।

सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कार्यालय से प्रिंटर सहित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और उपकरण जब्त किए गए हैं। हालांकि, जब्त सामग्री को लेकर जीएसटी विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार अरविंद साहू, नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेका कार्य करता है। छापेमारी की पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, यहां तक कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी पूर्व सूचना नहीं थी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कुछ महीने पूर्व अरविंद साहू के रायपुर स्थित कार्यालय में जीएसटी विभाग द्वारा इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल, इस मामले में ठेकेदार से संपर्क नहीं हो सका है।